Saturday, March 28, 2009

यूट्यूब पर ट्विटर

अभी कुछ दिन पहले ही फ़ेसबुक ने ट्विटर की बढ़ती लोकप्रियता से टक्कर लेने लिए अपनी डिज़ाइन में काफ़ी बदलाव किए थे। इसके बारे में मैं पहले ही यहाँ लिख चुका हूँ। ताज़ातरीन ख़बर यह है कि हाल में यूट्यूब भी वीडियो का यूआरएल सीधे ट्वीट करने यानी कि ट्विटर पर पोस्ट करने के लिए एक लिंक हर वीडियो के नीचे दिखाने लगा है। इसका फ़ायदा यह है कि आपको ट्वीट करने के लिए ट्विटर नहीं खोलना पड़ेगा और साथ ही आप पोस्ट होने वाले संदेश में भी बदलाव कर सकते हैं। इसकी तस्वीर भी कई जगह उपलब्ध है, जैसी कि एक मैंने लगायी है। हालाँकि मुझे ख़ुद ही ट्विटर का यह लिंक नहीं मिल पा रहा है। आपको मिल जाए तो ज़रूर बताएँ। यूट्यूब मुझे ट्विटर की जगह ऑर्कुट का लिंक दिखा रहा है।

Thursday, March 26, 2009

गूगल की हिन्दी

वैसे तो गूगल की ज़्यादातर सेवाएँ बढ़िया होती हैं, लेकिन गूगल के अनुवाद का हाल कुछ ज़्यादा ही खस्ता है। अब पता नहीं किसने गूगल बाबा को सिखाया है कि "हिन्दी" शब्द का अंग्रेज़ी अनुवाद "English" होता है और गूगल बाबा भी इस बात पर शिद्दत से यक़ीन करते हैं। अब आप ज़रा ख़ुद ही देख लीजिए मेरे इस ब्लॉग के शीर्षक का अंग्रेज़ी तर्जुमा -

Wednesday, March 25, 2009

फ़ेसबुक पर फ़साद

फ़ेसबुक एक बार फिर अपने उपयोक्ताओं की आलोचना का शिकार हो गया है। इस बार विवाद की जड़ है फ़ेसबुक का नया रूप-रंग। क़रीबन 17 लाख फ़ेसबुक उपयोक्ता नई डिज़ाइन से क़तई ख़ुश नहीं हैं और उन्होंने अपना विरोध जताने के लिए यह ग्रुप भी बनाया है। दरअसल नई डिज़ाइन का मक़सद एक तरफ़ जहाँ फ़ेसबुक को ट्विटर के मुक़ाबले खड़ा करना है, वहीं दूसरी ओर विज्ञापनों को ज़्यादा बेहतर तरीक़े से दिखाना भी है। नई और पुरानी डिज़ाइन के अपने-अपने गुण-दोष हैं। जहाँ तक फ़ेसबुक का सवाल है, उसने पुरानी डिज़ाइन पर लौटने की मांग को नकार दिया है। लेकिन अगर आप पुराने रूप-रंग के कुछ ज़्यादा ही अभ्यस्त हो चुके हैं और उसे ही इस्तेमाल करते रहना चाहते हैं, तो आपके लिए एक आसान-सी जुगाड़ है। तीन आसान क़दमों में आप अपना पुराना फ़ेसबुक वापस पा सकते हैं -

  1. "फ़ेसबुक डेवलपर्स" एप्लीकेशन को जोड़ें (यहाँ से)
  2. "गो टू एप्लीकेशन" पर क्लिक करें और पेज बन्द कर दें
  3. फिर यहाँ जाएँ

आसान-सी जुगाड़ है। पुराने फ़ेसबुक के शौक़ीन आज़मा कर देखें। हालाँकि मुझे तो नया फ़ेसबुक ही बढ़िया लगता है।

© Copyright 2009 Pratik Pandey. All rights reserved.

Visionary WordPress Theme by Justin Tadlock Powered by Blogger, state-of-the-art semantic personal publishing platform